CM Dhami has approved several development projects, ranging from bridges to roads.
देहरादून के सहसपुर क्षेत्र स्थित बैरागीवाला में हुई हिंसक घटना को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की शांति, सामाजिक सौहार्द और भाईचारे को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून को चुनौती देने वालों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाएगी, जो भविष्य के लिए भी एक सख्त संदेश साबित होगी।
मुख्यमंत्री धामी ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि प्रशासन पूरे मामले की कानूनी और तथ्यात्मक जांच कर रहा है। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने और प्रदेश में शांति कायम रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
बैरागीवाला में हिंसा के बाद बढ़ा तनाव
सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के बैरागीवाला में दो पक्षों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया था, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि कई अन्य लोग घायल हुए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। रविवार सुबह कुछ लोगों ने आरोपियों के घरों के आसपास विरोध प्रदर्शन किया, जिसके दौरान आगजनी और पथराव की घटनाएं भी सामने आईं।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया है। पुलिस लगातार क्षेत्र की निगरानी कर रही है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
तीन आरोपी गिरफ्तार, प्रशासन की कार्रवाई जारी
पुलिस ने मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं प्रशासन ने आरोपियों के घरों पर कार्रवाई भी की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विवाद की शुरुआत पानी को लेकर हुए झगड़े से हुई थी, जो बाद में हिंसक संघर्ष में बदल गया।
घटना के बाद स्थानीय लोग और पीड़ित परिवार लगातार आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। क्षेत्रीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान भी पीड़ित परिवार से मिले और दोषियों पर कठोर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऐसी घटनाओं को किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कानून व्यवस्था बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान शांति, सौहार्द और सामाजिक एकता से है। ऐसे में किसी भी प्रकार की हिंसा या सामाजिक तनाव फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करेगी। उन्होंने लोगों से भी शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की।