ईरान-इजरायल संघर्ष: नौ दिनों में 400 से अधिक ईरानी हताहत, खामेनेई ने तीन उत्तराधिकारी किए नामित

ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव ने पूरी दुनिया को झकझोर दिया है। नौ दिनों से जारी इस भीषण युद्ध में अब तक 400 से अधिक ईरानी नागरिक और सैनिक मारे जा चुके हैं। इजरायल की सेना (Israeli Defense Forces – IDF) ने शनिवार को बताया कि वह लंबे समय तक चलने वाले युद्ध के लिए पूरी तैयारी कर रही है। वहीं, ईरान के विदेश मंत्री ने अमेरिकी सैन्य हस्तक्षेप को “सभी के लिए खतरनाक” करार दिया है।

अमेरिका के शामिल होने पर हूती विद्रोहियों की कड़ी चेतावनी

यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोही (Houthi Rebels) भी इस संघर्ष का हिस्सा बनते दिख रहे हैं। उन्होंने साफ कर दिया है कि अगर अमेरिका इजरायल के सैन्य अभियान में शामिल होता है, तो वे लाल सागर (Red Sea) में अमेरिकी जहाजों और युद्धपोतों पर हमला शुरू कर देंगे। यह चेतावनी मई में अमेरिका के साथ हुए युद्ध विराम के समझौते के बाद आई है, जब हूतियों ने हमलों को रोक रखा था।

400 से अधिक ईरानी मारे गए, हजारों घायल

ईरानी स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता होसैन करमनपुर ने बताया कि इजरायली हवाई हमलों में अब तक 400 से ज्यादा लोग मारे गए हैं, जबकि 3,056 घायल हुए हैं। घायलों में से 2,220 को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है। हताहतों में अधिकांश नागरिक हैं, जिनमें 54 महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। ईरानी रेड क्रिसेंट सोसाइटी ने यह भी बताया कि इजरायली हमलों में उनका एक बचाव हेलीकॉप्टर क्षतिग्रस्त हो गया।

इजरायल ने मारे तीन वरिष्ठ ईरानी कमांडर

13 जून को इजरायल ने ईरानी परमाणु और सैन्य ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए थे, जिसमें कई शीर्ष कमांडर और परमाणु वैज्ञानिक मारे गए। इसके जवाब में ईरान ने मिसाइल और ड्रोन हमलों से इजरायली इलाकों को निशाना बनाया। हाल ही में इजरायली रक्षा बलों ने पुष्टि की कि उन्होंने तीन वरिष्ठ ईरानी कमांडरों को मार गिराया है।

ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई के करीब माने जाने वाले अली शामखानी भी इन हमलों में घायल हुए हैं। वहीं, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने साफ किया है कि उनका देश परमाणु कार्यक्रम को कभी नहीं रोकेगा।

मृतकों की असली संख्या अधिक?

सरकारी मीडिया के अनुसार, अब तक कुल 430 ईरानी मारे गए हैं और 3,500 से ज्यादा घायल हुए हैं। लेकिन अमेरिकी मानवाधिकार संस्थाओं का दावा है कि वास्तविक संख्या इससे कहीं अधिक हो सकती है।

इजरायल ने ईरानी हमलों को किया नाकाम

हाल के दिनों में ईरान ने इजरायल के बंदरगाह शहर हाइफा (Haifa) और वेस्ट बैंक के इलाकों पर मिसाइल और ड्रोन से हमला किया। इजरायली डिफेंस सिस्टम ने तेल अवीव (Tel Aviv) के पास कई मिसाइलों को निशाना बनाकर रोक दिया, लेकिन बेत शेयान (Beit She’an) में एक ड्रोन मकान पर गिरा जिससे लोग घायल हुए हैं।