Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में बारिश ने मचाई तबाही, नदियां उफान पर; 10 जिलों में Orange Alert, स्कूल बंद

Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर आफत बनकर बरस रहा है। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव, भूस्खलन और बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में जगह-जगह मलबा आने से सड़कें प्रभावित हुई हैं, जबकि कई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए प्रदेश के सभी जिलों में बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है। वहीं, देहरादून समेत 10 जिलों में Heavy Rainfall Alert जारी किया गया है।

10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 24 घंटे उत्तराखंड के लिए मौसम के लिहाज से चुनौतीपूर्ण रह सकते हैं। प्रदेश के सभी जिलों में बारिश और Thunderstorm की संभावना है। देहरादून, पौड़ी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चमोली, नैनीताल, चंपावत, ऊधमसिंह नगर और बागेश्वर में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

लगातार बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में Landslide Risk बढ़ गया है। वहीं नदी, नालों और बरसाती गदेरों का जलस्तर अचानक बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

नदियां उफान पर, कई जगह बढ़ा बाढ़ का खतरा

मूसलाधार बारिश के कारण उत्तराखंड की कई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। देहरादून और आसपास के इलाकों में जलभराव की समस्या सामने आई है। पछुवादून में टौंस नदी चेतावनी निशान को पार कर गई, जबकि ऋषिकेश में गंगा और चंद्रभागा का जलस्तर भी बढ़ा हुआ है।

विकासनगर के केदारावाला-छरबा क्षेत्र में शीतला नदी के कटाव से किसानों की करीब 100 बीघा कृषि भूमि प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। वहीं सेलाकुई के शिवनगर क्षेत्र में स्वारना नदी के तेज बहाव के कारण एक मकान का बड़ा हिस्सा बह गया। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने वहां रह रहे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

कर्णप्रयाग में मलबे से वाहन दबे

चमोली जिले के कर्णप्रयाग में भी भारी बारिश का असर देखने को मिला। सुभाषनगर क्षेत्र में पेड़ और मलबा गिरने से सड़क किनारे खड़ी चार मोटरसाइकिल और एक स्कूटी दब गई। मलबे की चपेट में आने से दो दुकानों के शटर भी क्षतिग्रस्त हो गए।

सिमली और कर्णप्रयाग के बीच सड़क पर मलबा आने से कई वाहन फंस गए। बाद में लोक निर्माण विभाग की टीम ने मलबा हटाकर यातायात बहाल कराया। केदारनाथ मार्ग के काकड़ागाड में भी मलबा आने के कारण करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।

मसूरी में Landslide से मकानों पर खतरा

मसूरी-देहरादून मार्ग पर पानी बैंड क्षेत्र में भारी बारिश के बीच पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा टूटकर सड़क पर आ गिरा। इससे सड़क और आसपास के इलाके में मलबा फैल गया। पहाड़ी के ऊपर बने कुछ मकानों पर भी खतरा मंडराने लगा है। प्रशासन और संबंधित विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

तीन जिलों में स्कूल बंद

भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए देहरादून, नैनीताल और पौड़ी में कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में सोमवार को अवकाश घोषित किया गया है। प्रशासन ने लोगों से मौसम को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

प्रदेश में बिगड़ते मौसम को देखते हुए मंत्री मदन कौशिक ने अधिकारियों को High Alert पर रहने के निर्देश दिए हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में आपदा प्रबंधन की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और संबंधित विभागों को 24×7 अलर्ट मोड में रहना होगा।

सौड़ा सरौली में कटाव का खतरा

भारी बारिश के कारण सौड़ा सरौली स्थित ग्रामीण हाट के पीछे नदी का बहाव भी तेज हो गया है। नदी के बढ़ते जलस्तर से सड़क और आसपास के गांव पर कटाव का खतरा मंडरा रहा है। सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने मौके पर जेसीबी भेजकर तटबंध बनाने और पानी की धारा को डायवर्ट करने का काम शुरू कराया है।

फिलहाल उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी है और कई संवेदनशील क्षेत्रों में प्रशासन की टीमें तैनात हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों से मौसम और स्थानीय प्रशासन की Weather Advisory पर नजर रखने की अपील की गई है।