Uttarakhand ranks first in PM Awas Yojana; Centre confers national honour.
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 में उत्तराखंड ने देशभर में बेहतर प्रदर्शन करते हुए Grounding Ratio के मामले में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले राज्य का सम्मान हासिल किया है। योजना के तहत स्वीकृत मकानों का निर्माण जमीन पर शुरू कराने की रफ्तार के आधार पर उत्तराखंड को यह राष्ट्रीय सम्मान मिला। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने राज्य को सम्मानित किया। राज्य की ओर से शहरी विकास विभाग के निदेशक एवं अपर सचिव विनोद गोस्वामी और सहायक निदेशक राजीव पांडे ने पुरस्कार प्राप्त किया।
योजना के तहत उत्तराखंड को अब तक 3,979 मकानों की मंजूरी मिली है, जिनमें से 1,867 मकानों की ग्राउंडिंग पूरी हो चुकी है। वहीं, 2,332 मकानों के निर्माण के लिए केंद्र से फंड जारी किया जा चुका है और इनमें करीब 88 प्रतिशत मकानों पर जमीनी काम शुरू हो गया है। अगस्त 2026 में राज्य के लिए 1,647 अतिरिक्त मकानों को मंजूरी मिली थी, जिसकी राशि सितंबर में जारी की गई।
इससे बाकी स्वीकृत मकानों का निर्माण भी तेजी से शुरू होने की उम्मीद है। इससे पहले PM आवास योजना (शहरी) 1.0 में भी उत्तराखंड का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा है, जहां 62,272 मकानों को मंजूरी मिली और 53,320 पक्के मकान तैयार हो चुके हैं। योजना के तहत BLC, AHP और CLSS जैसे अलग-अलग घटकों के जरिए भी हजारों परिवारों को आवास और ब्याज सब्सिडी का लाभ मिला है। राज्य सरकार का लक्ष्य सभी पात्र शहरी परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराना और निर्माणाधीन घरों को जल्द पूरा कर लाभार्थियों को सौंपना है।