Tragic accident in Uttarkashi: Innova falls into river near Gangnani; four bodies recovered
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गंगनानी के पास डबरानी की ओर जा रही एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। हादसे में अब तक चार यात्रियों के शव बरामद किए जा चुके हैं। कार में सवार अन्य लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू और सर्च ऑपरेशन जारी है। बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी यात्री गुजरात के रहने वाले थे।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचीं पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और आपातकालीन सेवा की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव दल ने नदी किनारे तलाशी अभियान चलाकर अब तक चार लोगों के शव बरामद किए हैं। वाहन में कितने लोग सवार थे और कितने यात्री लापता हैं, इसका पता लगाने के लिए तलाश जारी है।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर राहत एवं बचाव कार्य तेज किया गया। स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और 108 एंबुलेंस सेवा की टीमों को तत्काल मौके पर भेजा गया।
नदी का तेज बहाव बना रेस्क्यू में चुनौती
हादसे वाली जगह नदी का बहाव काफी तेज है। इस वजह से बचाव दल को तलाशी अभियान में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। जल पुलिस और गोताखोर नदी में संभावित रूप से लापता यात्रियों की तलाश कर रहे हैं। प्रशासन की टीमें पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।
चिकित्सा दल अलर्ट, परिजनों से संपर्क की कोशिश
प्रशासन ने आपदा प्रबंधन केंद्र और चिकित्सा दल को अलर्ट पर रखा है। रेस्क्यू के दौरान यदि कोई व्यक्ति जीवित मिलता है तो उसे तत्काल प्राथमिक उपचार देकर अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। प्रशासन प्रभावित यात्रियों के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास भी कर रहा है। फिलहाल हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
केदारताल में लापता ट्रेकरों के भी मिले दो और शव
इसी बीच केदारताल में लापता आठ ट्रेकरों की तलाश के लिए चलाए जा रहे अभियान में बुधवार को दो और शव बरामद किए गए। इनमें एक महिला और एक पुरुष ट्रेकर शामिल हैं। इससे पहले मंगलवार को भी बचाव दल ने बर्फ में दबे एक महिला और एक पुरुष ट्रेकर का शव बरामद किया था।
हादसे में जान गंवाने वाली दोनों महिला ट्रेकरों की पहचान लखनऊ निवासी सगी बहनों के रूप में हुई है। केदारताल में लापता अन्य ट्रेकरों की तलाश के लिए अभियान जारी है।