Belongings of missing trekkers found near Kedar Kharak; rescue operation continues amidst snowfall.
उत्तराखंड के केदारताल ट्रैक पर लापता हुए ट्रैकर्स की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। दुर्गम पहाड़ी रास्तों और खराब मौसम के बीच SDRF उत्तराखंड पुलिस और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM) की टीमें खोज अभियान चला रही हैं। इस दौरान करीब 4,000 मीटर की ऊंचाई पर केदार खड़क के पास लापता ट्रैकर्स का टेंट और कुछ अन्य सामान बरामद हुआ है। हालांकि, अभी तक ट्रैकर्स का कोई पता नहीं चल पाया है।
4000 मीटर की ऊंचाई पर मिला टेंट
सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी के दिशा-निर्देशों में SDRF की एडवांस टीम घटनास्थल की ओर लगातार सर्चिंग कर रही है। अभियान के दौरान टीम को करीब 4,000 मीटर की ऊंचाई पर केदार खड़क के पास ट्रैकर्स का टेंट और अन्य सामान मिला।
सामान मिलने के बाद टीम ने आसपास के क्षेत्र में भी तलाश की, लेकिन लापता ट्रैकर्स के बारे में अब तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। SDRF और NIM के जवान मुश्किल भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद खोज अभियान में जुटे हुए हैं।
लगातार बर्फबारी से रेस्क्यू अभियान में परेशानी
रेस्क्यू टीम के सामने सबसे बड़ी चुनौती खराब मौसम और लगातार हो रही बर्फबारी है। मौके पर मौजूद SDRF टीम प्रभारी ने सैटेलाइट फोन के माध्यम से अधिकारियों को बताया कि क्षेत्र में बर्फबारी जारी है। अत्यधिक ऊंचाई और कठिन रास्तों के कारण आगे बढ़ना भी चुनौतीपूर्ण हो रहा है।
मौसम की स्थिति को देखते हुए टीम ने फिलहाल सुरक्षित स्थान पर कैंप बनाया है। जवान रात भी इसी कैंप में बिताएंगे। मौसम और परिस्थितियां अनुकूल होने के बाद दोबारा सर्च अभियान शुरू किया जाएगा।
SDRF और NIM की टीमें तलाश में जुटीं
केदारताल ट्रैक का इलाका ऊंचाई और कठिन पहाड़ी रास्तों के कारण चुनौतीपूर्ण माना जाता है। ऐसे में बर्फबारी और प्रतिकूल मौसम रेस्क्यू टीम की मुश्किलें बढ़ा रहे हैं। फिलहाल लापता ट्रैकर्स की तलाश जारी है और टीमों की प्राथमिकता सुरक्षित तरीके से खोज अभियान को आगे बढ़ाना है।