IND vs AUS 1st T20: भारत पांच साल के वर्चस्व को बनाए रखने उतरेगा मैदान में, बुमराह की वापसी से बढ़ा जोश

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बुधवार से शुरू होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला मनुका ओवल में खेला जाएगा। टेस्ट और वनडे में भले ही ऑस्ट्रेलिया का पलड़ा भारी रहा हो, लेकिन टी20 प्रारूप में भारत ने बीते पांच वर्षों में ऑस्ट्रेलिया पर दबदबा बनाए रखा है। इस दौरान टीम इंडिया तीन सीरीज में कंगारुओं को मात दे चुकी है।

इस बार सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत अपना वर्चस्व बरकरार रखने के इरादे से उतरेगा। टीम को राहत इस बात की है कि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की वापसी हो रही है, जिन्हें वनडे सीरीज में आराम दिया गया था।

सूर्यकुमार के पास फॉर्म में वापसी का सुनहरा मौका

हाल के दिनों में सूर्यकुमार यादव का बल्ला शांत जरूर रहा है, लेकिन ऑस्ट्रेलियाई पिचें उनकी स्टाइल के अनुकूल मानी जाती हैं। वे यहां अब तक छह मैचों में तीन अर्धशतक जड़ चुके हैं। मुख्य कोच गौतम गंभीर ने उन पर भरोसा जताया है और उम्मीद की जा रही है कि वे इस सीरीज में अपनी फॉर्म दोबारा पा लेंगे।

बुमराह और वरुण चक्रवर्ती होंगे भारत की ताकत

बुमराह की वापसी से भारतीय गेंदबाजी आक्रमण और भी मजबूत हुआ है। साथ ही ‘मिस्ट्री स्पिनर’ वरुण चक्रवर्ती का खेलना ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकता है। कुलदीप यादव और अक्षर पटेल के साथ ये स्पिन तिकड़ी टीम इंडिया के लिए गेम-चेंजर हो सकती है।

अभिषेक शर्मा को झेलनी होगी ऑस्ट्रेलियाई उछाल की परीक्षा

एशिया कप में धमाकेदार प्रदर्शन करने वाले युवा ओपनर अभिषेक शर्मा के सामने ऑस्ट्रेलिया की उछाल भरी पिचों पर नई चुनौती होगी। इस परिस्थिति में कप्तान सूर्यकुमार की भूमिका और भी अहम हो जाती है।

सूर्यकुमार बोले – “बुमराह की मौजूदगी से बढ़ीं जीत की संभावनाएं”

मैच से पहले सूर्यकुमार यादव ने कहा, “पावरप्ले के ओवर अहम रहेंगे और बुमराह की मौजूदगी से हमारी संभावनाएं और बढ़ जाएंगी। उनकी आक्रामक गेंदबाजी हमेशा टीम के लिए फायदेमंद रही है।”