देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परेड ग्राउंड में आयोजित एक क्लब द्वारा आयोजित इंटर क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन करते हुए क्रिकेट खेलकर इसका शुभारंभ किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने क्लब में खेल सामग्री के लिए 5 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की। यह टूर्नामेंट महाराणा स्पोर्ट्स कॉलेज में 1 अप्रैल से 7 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि इस तरह के खेल आयोजनों से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा और खेलों से उनके मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को भी लाभ होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “फिट इंडिया मूवमेंट” की सराहना करते हुए आम जनता से अपनी दिनचर्या में खेलों को शामिल करने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा, “आज के भागदौड़ भरे जीवन में यह बहुत जरूरी है कि व्यक्ति खेलों से जुड़कर मानसिक तनाव से दूर रहे और स्वस्थ रहे।” उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों के हित में निरंतर काम कर रही है और उन्हें अधिकतम खेल सुविधाएं देने का प्रयास किया जा रहा है। इससे राज्य के खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन करेंगे।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय खेलों में राज्य के खिलाड़ियों द्वारा जीते गए 103 पदकों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह सफलता सरकार की प्रभावी खेल नीतियों का परिणाम है।
कार्यक्रम में इन हस्तियों ने लिया हिस्सा: इस उद्घाटन समारोह में विधायक उमेश शर्मा काऊ, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, निदेशक खेल प्रशांत आर्य, खेल कार्यकारिणी के सदस्य, क्लब के सदस्य और कई खिलाड़ी व दर्शक मौजूद रहे।