मोहर्रम से पहले राजा उदय प्रताप सिंह समेत 13 लोग नजरबंद, क्या है शेखपुर विवाद?

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में पुलिस ने मोहर्रम को लेकर सख्ती बरतते हुए जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’ के पिता राजा उदय प्रताप सिंह को एक बार फिर house arrest कर दिया है। उनके साथ कुल 13 लोगों को 40 घंटे के लिए नजरबंद किया गया है। यह नजरबंदी शनिवार सुबह 5 बजे से शुरू होकर रविवार रात 9 बजे तक जारी रहेगी।

 हर साल क्यों होती है नजरबंदी?

राजा उदय प्रताप सिंह पिछले 10 वर्षों से हर मोहर्रम पर नजरबंद किए जाते रहे हैं। इसकी वजह 2015 की एक घटना है, जब शेखपुर आशिक गांव में मोहर्रम के दिन बजरंगबली मंदिर में हनुमान चालीसा पाठ और भंडारे का आयोजन किया गया था। इस आयोजन का मुस्लिम समुदाय ने विरोध किया, जिसके बाद प्रशासन ने भंडारे पर रोक लगा दी।

तब से प्रशासन को आशंका रहती है कि राजा भैया के पिता किसी धार्मिक स्थल पर न पहुंचें, जिससे सांप्रदायिक तनाव न बढ़े। यही वजह है कि हर साल मोहर्रम से पहले उन्हें house arrest में रखा जाता है।

 इस बार कार्रवाई पहले क्यों हुई?

इस बार प्रशासन ने 12 घंटे पहले ही हाउस अरेस्ट की कार्रवाई कर दी, जबकि पहले हर साल मोहर्रम की पूर्व संध्या शाम 5 बजे से अगले दिन रात 9 बजे तक ही नजरबंद किया जाता था। यह बदलाव लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

 कौन-कौन हैं नजरबंद?

राजा उदय प्रताप सिंह के अलावा जो अन्य 12 लोग नजरबंद किए गए हैं, उनमें शामिल हैं:

  • जितेंद्र यादव (नौबस्ता)

  • आनंद पाल (बढ़ईपुर)

  • रमाकांत (शेखपुर आशिक)

  • भवानी विश्वकर्मा (बड़ूपुर)

  • रवि सिंह (कुंडा बार अध्यक्ष)

  • हनुमान प्रसाद पांडेय (वरिष्ठ अधिवक्ता)

  • केसरी नंदन पांडेय (अधिवक्ता)

  • जमुना प्रसाद मौर्या, निर्भय सिंह, गया प्रसाद प्रजापति उर्फ अनिल, जुगनू विश्वकर्मा, मोहन — सभी विभिन्न गांवों से

 पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा

Bhadri Palace में भारी पुलिस बल और PAC की तैनाती की गई है। CO अमरनाथ सिंह, प्रभारी निरीक्षक अवन कुमार दीक्षित और ASP संजय राय की निगरानी में मोहर्रम ड्यूटी को लेकर दूसरे जिलों से बुलाए गए फोर्स को ब्रीफ भी किया गया।

 प्रशासन का पक्ष

SDM कुंडा वाचस्पति सिंह ने कहा:

“शेखपुर इलाके की संवेदनशीलता को देखते हुए और त्योहार के शांतिपूर्ण संचालन के लिए राजा उदय प्रताप सिंह समेत 13 लोगों को 40 घंटे के लिए नजरबंद किया गया है। यह Preventive Action है, ताकि किसी भी प्रकार की law and order situation उत्पन्न न हो।”