वायरल वीडियो में अचानक जमीन पर गिरते दिखे मुख्यमंत्री धामी, जानें कहां की है घटना

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वह हल्द्वानी में निर्माणाधीन अमृतपुर बाईपास का निरीक्षण करते समय अचानक लड़खड़ाकर गिरते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह घटना 25 अक्टूबर को परियोजना के निरीक्षण के दौरान हुई। सड़क का हिस्सा अभी कच्चा और पथरीला था। इसी ऊबड़-खाबड़ रास्ते पर चलते समय मुख्यमंत्री का संतुलन बिगड़ गया।

हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। हिन्दुस्तान ने भी वीडियो की पुष्टि नहीं की है।

कच्ची सड़क पर चलते समय बिगड़ा संतुलन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अमृतपुर बाईपास परियोजना के निर्माण कार्य का जायजा लेने पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान वह सड़क के उस हिस्से से गुजर रहे थे, जहां अभी निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ है। रास्ते पर पत्थर बिखरे हुए थे और जमीन भी समतल नहीं थी। इसी दौरान वह अचानक लड़खड़ाकर नीचे गिर गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है।

अमृतपुर बाईपास को जल्द पूरा करने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने पर्यटन सीजन और वीकेंड के दौरान लगने वाले जाम से आम लोगों तथा पर्यटकों को राहत दिलाने के लिए अमृतपुर बाईपास का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि परियोजना के लिए धनराशि की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। निर्माण कार्य के लिए आवश्यक राशि स्वीकृत की जा चुकी है, ताकि काम में रुकावट न आए और इसे तय समय में पूरा किया जा सके।

कैंची धाम जाने वाले रास्ते पर कम होगा ट्रैफिक का दबाव

अमृतपुर बाईपास परियोजना का उद्देश्य कुमाऊं क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना है। खासतौर पर कैंची धाम जाने वाले मार्ग पर पर्यटन सीजन के दौरान वाहनों का दबाव काफी बढ़ जाता है। बाबा नीम करौली के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के साथ नैनीताल, रानीखेत, कौसानी, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और बागेश्वर जाने वाले पर्यटकों की संख्या में भी वृद्धि हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटकों का उत्तराखंड आना राज्य के लिए खुशी की बात है, लेकिन बढ़ती संख्या के कारण यातायात प्रबंधन की चुनौती भी सामने आती है। इसी को देखते हुए सरकार सड़क और परिवहन से जुड़ी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर काम कर रही है।

निर्माण कार्य में सुरक्षा और गुणवत्ता पर जोर

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को रोड कटिंग से जुड़े सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान आम लोगों की सुरक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए। इसके साथ ही काम की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और निर्धारित मानकों का पालन करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के साथ नियमित निगरानी रखने के निर्देश भी दिए। राज्य सरकार का कहना है कि अमृतपुर बाईपास बनने से पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के साथ स्थानीय लोगों और पर्यटकों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।