सीएम धामी ने माता के साथ किया वृक्षारोपण, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

खटीमा (उत्तराखंड):
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपनी माता श्रीमती विशना देवी के साथ मिलकर अपने निजी आवास नगला तराई में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल की। इस मौके पर उन्होंने संदेश दिया कि पर्यावरण की रक्षा केवल सरकार की नहीं, बल्कि हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

वृक्षारोपण के पश्चात मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में जिस प्रकार पर्यावरण असंतुलन की चुनौतियाँ बढ़ रही हैं, ऐसे में अधिक से अधिक वृक्ष लगाना और उनका संरक्षण करना अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि एक पौधा लगाना केवल प्रकृति से जुड़ाव नहीं है, बल्कि यह हमारी भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने का एक मजबूत कदम है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री की माता विशना देवी ने भी लोगों से अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण के इस जनअभियान में भाग लें और अपने घर-आंगन में पौधे लगाकर धरती को हरा-भरा बनाने में सहयोग करें।

मुख्यमंत्री धामी की यह पहल न केवल उनकी पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाती है, बल्कि आम नागरिकों को भी प्रेरित करती है कि वे छोटे-छोटे कदम उठाकर प्रकृति की रक्षा में भागीदार बनें।

शिव मंदिर में की पूजा-अर्चना

वृक्षारोपण कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने अपनी माता के साथ नगला तराई स्थित शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा सहित कई अधिकारीगण मौजूद रहे।