बिहार में नेताओं और कारोबारियों से रंगदारी मांगने के मामले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा केस आरा से आया है। यहां सत्ताधारी पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के एक नेता से रंगदारी की मांग की गई है। रंगदारी नहीं देने पर उनकी और उनके परिवार की हत्या करने की धमकी भी दी गई है। जेडीयू नेता विश्वनाथ प्रताप सिंह ने इस संबंध में आरा के नगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
जेडीयू नेता विश्वनाथ ने पुलिस को बताया कि रविवार की रात वह गौसीगंज स्थित अपने आवास पर थे। तभी रात 10 बजे उनके मोबाइल पर एक फोन आया। कॉल करने वाले उन्हें गाली देते हुए 5 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की। नहीं देने पर घर में घुसकर पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी गई। इसके बाद सोमवार सुबह भी करीब सवा 8 बजे दोबारा कॉल आया और रंगदारी की मांग की गई।
हाल ही में आरजेडी से राज्यसभा सांसद संजय यादव से भी फोन पर बदमाशों ने 20 करोड़ रुपये की रंगदारी की मागं की गई थी। इस संबंध में सांसद की ओर से पटना में केस दर्ज कराया गया, जिसकी जांच की जा रही है। इसी तरह पिछले महीने, सहरसा में जेडीयू नेता घनश्याम चौधरी के कारोबारी बेटे शुभम कुमार से 25 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की गई थी।