उत्तराखंड को 38वें राष्ट्रीय खेलों में पहला स्वर्ण, अचोम तपस ने वुशु में किया कमाल

देहरादून/ 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड ने अपना पहला स्वर्ण पदक जीत लिया है। वुशु की ताओलू स्पर्धा में अचोम तपस ने शानदार प्रदर्शन कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। मूल रूप से मणिपुर के इंफाल जिले के रहने वाले अचोम पिछले एक साल से देहरादून में एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं और उत्तराखंड की टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे थे।

उत्तराखंड के बेहतरीन प्रदर्शन की बात करें तो विषम कश्यप, नीरज जोशी, लविश कुमार और शुभम चौधरी ने वुशु में कांस्य पदक जीते हैं। इनमें से नीरज जोशी, लविश कुमार और शुभम शुक्रवार को रजत पदक के लिए मुकाबला करेंगे।

अचोम ने बताया कि उत्तराखंड उनकी कर्मभूमि बन चुका है और वे इस जीत से बेहद खुश हैं। उन्होंने कहा, “उत्तराखंड के युवाओं को वुशु में आगे आना चाहिए ताकि प्रदेश का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमके।” उनकी इस जीत में उत्तराखंड की वुशु कोच अंजना का अहम योगदान रहा।

शूटिंग और वेटलिफ्टिंग में भी भारत के कई राज्यों ने किया कमाल—
गुरुवार को शूटिंग की 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल पुरुष वर्ग में हरियाणा के अनीश भानवाला और 10 मीटर एयर राइफल महिला वर्ग में तमिलनाडु की राजू नर्मदा निथिन ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

वेटलिफ्टिंग में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। केरल की सुफाना ने 45 किलो भारवर्ग महिला, छत्तीसगढ़ के विजय कुमार ने 55 किलो पुरुष, ज्ञानेश्वरी यादव ने 49 किलो महिला और सर्विसेज की ओर से ऋषिकांता सिंह ने 61 किलो पुरुष वर्ग में स्वर्ण पदक जीते।

ओवरऑल अंक तालिका की बात करें तो कर्नाटक पहले, मणिपुर दूसरे और महाराष्ट्र तीसरे स्थान पर है। देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज रायपुर में विभिन्न खेलों के मुकाबले जारी हैं।