उत्तराखंड के सरकारी मेडिकल अस्पतालों में इलाज होगा सस्ता, जानिए नई दरें

देहरादून/ उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक किफायती और पारदर्शी बनाने के लिए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। राज्य की स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. सुनीता टम्टा ने सभी सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में इलाज के लिए यूजर चार्ज को एक समान करने की घोषणा की है।

नई शुल्क संरचना के अनुसार, ओपीडी पंजीकरण शुल्क 20 रुपये और आईपीडी पंजीकरण शुल्क 50 रुपये होगा। वहीं, जनरल वार्ड में भर्ती होने पर मरीज को 25 रुपये, प्राइवेट वार्ड के लिए 300 रुपये और एसी वार्ड के लिए 1,000 रुपये देने होंगे।

इसके अलावा, एंबुलेंस सेवा भी अब निश्चित दरों पर उपलब्ध होगी। मरीजों को पहले 5 किलोमीटर के लिए 200 रुपये और उसके बाद प्रति किलोमीटर 20 रुपये का भुगतान करना होगा। साथ ही, सभी रेडियोलॉजी, पैथोलॉजी और डायग्नोस्टिक जांचों के लिए सीजीएचएस दरें लागू की जाएंगी।

स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. सुनीता टम्टा ने बताया कि यह निर्णय मरीजों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ को कम करेगा और राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को बेहतर बनाएगा। यह नियम उत्तराखंड के सभी मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में जल्द ही लागू किया जाएगा।