एसएसपी को धमकी देना पड़ा महंगा, विधायक उमेश कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज

हरिद्वार: सोशल मीडिया पर एसएसपी हरिद्वार प्रमेंद्र डोबाल को धमकी देना खानपुर के निर्दलीय विधायक उमेश कुमार को भारी पड़ गया। इस मामले में पुलिस ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?

विधायक उमेश कुमार और पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा है। 26 जनवरी को इस विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन अपने समर्थकों के साथ उमेश कुमार के रुड़की स्थित कैंप कार्यालय पहुंचे और वहां फायरिंग कर दी। इस दौरान पथराव भी हुआ, जिसमें कई लोग घायल हो गए थे। इस घटना के बाद चैंपियन और उनके चार समर्थकों को जेल भेज दिया गया।

इस मामले में पुलिस ने विधायक उमेश कुमार को भी गिरफ्तार किया था, हालांकि उन्हें कोर्ट से जमानत मिल गई थी। लेकिन इसके कुछ ही दिनों बाद, 29 जनवरी को, उमेश कुमार ने फेसबुक पर लाइव आकर एसएसपी को खुली चेतावनी दे डाली।

फेसबुक लाइव में क्या बोले उमेश कुमार?

अपने लाइव वीडियो में विधायक उमेश कुमार ने कहा, “एसएसपी, मैंने पहले भी चेतावनी दी थी जब भगवानपुर में मेरे खिलाफ गलत कार्रवाई की गई थी। अब फिर चेतावनी दे रहा हूं, मेरे लोगों को परेशान करने की कोशिश मत करें। अगर ऐसा किया गया तो अंजाम ठीक नहीं होगा।”

उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे में उनका कोई दोष नहीं है और पुलिस को संबंधित धाराओं में गिरफ्तारी का अधिकार नहीं है। उन्होंने आगे कहा, “हम लड़ने वाले लोग हैं, झुकने वाले नहीं।”

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

इस धमकी भरे वीडियो के सामने आने के बाद सिविल लाइंस कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक पुष्कर सिंह चौहान की तहरीर पर विधायक उमेश कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 224 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने पुष्टि की कि सोशल मीडिया पर पुलिस अधिकारी को धमकी देने के मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है। अब देखना होगा कि इस मामले में आगे क्या कानूनी कार्रवाई होती है।