SDM नरैनी की गाड़ी पर हमला, विधायक बोले ‘थप्पड़ की खबर फर्जी

यूपी के बांदा जिले में मौरंग (Moarang) लदे ट्रकों को सीज करने के बाद एसडीएम नरैनी (SDM Naraini) की मुश्किलें बढ़ गईं। रविवार आधी रात को हथियारों से लैस हमलावरों ने एसडीएम की गाड़ी पर जानलेवा हमला कर दिया। गाली-गलौज के बाद उनकी गाड़ी पलटाने की कोशिश की गई और ट्रक छोड़ने के लिए दबाव बनाया गया। जब ड्राइवर ने हस्तक्षेप किया तो उस पर भी हमला हुआ। गिरवां थाने की पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो हमलावर फरार हो गए।

BJP विधायक ने लगाए आरोप और जताई नाराजगी

इस पूरे मामले में सोमवार दोपहर विधायक द्वारा एसडीएम को थप्पड़ मारने की खबर वायरल हुई, जिसे विधायक प्रकाश द्विवेदी (BJP MLA Prakash Dwivedi) ने सिरे से खारिज किया। उन्होंने माना कि उन्होंने केवल ट्रक सीज होने पर SDM को डांटा था, थप्पड़ मारने की खबर गलत और झूठी है।

घटना की पूरी कहानी

एसडीएम नरैनी अमित शुक्ला के सरकारी ड्राइवर कामता प्रसाद मिश्रा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि रविवार की रात एसडीएम अवैध खनन (Illegal Mining) और परिवहन की जांच कर रहे थे। खुरहंड रोड से दो ओवरलोडेड मौरंग ट्रकों को सीज कर चौकी पुलिस को सौंपा गया।

इसके बाद वे पैगम्बरपुर-जरर मोड़ पर पहुंचे, जहां करीब 10:45 बजे छह कारों में ललित गुप्ता, आलोक सिंह, छोटकू द्विवेदी, बड़कू द्विवेदी समेत 25-30 हथियारबंद लोग पहुंचे और एसडीएम की गाड़ी घेरकर रोकी।

हमलावरों के हाथों में हॉकी, डंडे और रॉड थे। उन्होंने गाड़ी को पलटने की कोशिश की, एसडीएम को गाली-गलौज किया, कॉलर पकड़कर नीचे गिराया और जान से मारने की धमकी दी। ट्रक छोड़ने का दबाव भी बनाया गया। एसडीएम ने विरोध किया तो उन पर रॉड से हमला भी किया गया, लेकिन वे बाल-बाल बच गए।

पुलिस ने दर्ज की FIR, सख्त कार्रवाई के निर्देश

एसडीएम की सूचना पर गिरवां पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। पुलिस ने ललित गुप्ता, आलोक सिंह, छोटकू द्विवेदी, बड़कू द्विवेदी और 25-30 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है।

डीएम जे रीभा (DM J Reeba) ने कहा कि मामले को संज्ञान में लेकर तुरंत FIR दर्ज की गई है और पुलिस को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। एसपी पलाश बंसल ने बताया कि रात में ही FIR दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।