Ram Mandir Darshan: Bhutan PM arrives for the first time as a foreign Prime Minister
राम मंदिर (Ram Mandir) से 5 सितंबर को इतिहास का नया अध्याय जुड़ गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद किसी विदेशी प्रधानमंत्री ने पहली बार रामलला (Ram Lalla) के दर्शन किए। भूटान के प्रधानमंत्री दासो शेरिंग टोबगे (Bhutan PM Dasho Tshering Tobgay) अपनी धर्मपत्नी के साथ शुक्रवार सुबह अयोध्या पहुंचे और करीब दो घंटे राम जन्मभूमि परिसर (Ram Janmabhoomi Complex) में बिताए।
एयरफोर्स स्पेशल फ्लाइट से पहुंचे अयोध्या
सुबह 9:30 बजे भूटान के प्रधानमंत्री भारतीय वायुसेना (Indian Air Force) के विशेष विमान से गया (बिहार) से अयोध्या एयरपोर्ट पहुंचे। उनका स्वागत उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, विदेश मंत्रालय और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने किया। इसके बाद वे सड़क मार्ग से सीधे राम मंदिर पहुंचे। इस दौरान सुरक्षा कारणों से हाईवे पर कुछ देर यातायात रोका गया।
राम मंदिर में विशेष दर्शन और पूजन
सुबह 10 बजे भूटान के प्रधानमंत्री ने रामलला और राम दरबार के दर्शन किए। करीब 1 घंटे 40 मिनट के प्रवास में उन्होंने:
कुबेर टीला, जटायु और सप्त मंडपम मंदिर के दर्शन किए।
मंदिर परिसर की नक्काशी और ब्रॉन्ज म्यूरल्स का अवलोकन किया।
लोअर प्लिंथ पर लगे म्यूरल्स को भी निहारा।
भूटान के पीएम राम जन्मभूमि परिसर की तस्वीरें अपने मोबाइल में कैद करते रहे। वे मंदिर की भव्यता और शिल्पकला (Architecture) देखकर काफी प्रसन्न नजर आए।
रामलला के चरणों में आस्था
दर्शन के दौरान उन्होंने तीन बार साष्टांग प्रणाम किया, आरती उतारी और पुष्प अर्पित किए। इसके बाद चरणामृत और प्रसाद ग्रहण किया। राम मंदिर दर्शन के बाद वे होटल रामायणा पहुंचे, जहां उनका स्वागत भूटान की पारंपरिक शैली के सांस्कृतिक कार्यक्रम से किया गया।
अतिथि सत्कार और सम्मान
प्रदेश सरकार की ओर से जिला प्रशासन ने भूटान के प्रधानमंत्री के सम्मान में विशेष दोपहर भोज (Lunch) का आयोजन किया। भोजन के बाद वे अयोध्या एयरपोर्ट लौटे और वहां से भारतीय वायुसेना के विमान से दिल्ली रवाना हो गए।