राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 20 जून को देहरादून में आधुनिक सार्वजनिक पार्क की आधारशिला रखेंगी
देहरादून। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 20 जून 2025 को राजपुर रोड स्थित राष्ट्रपति आशियाना परिसर में 132 एकड़ भूमि पर बनने वाले अत्याधुनिक सार्वजनिक पार्क की आधारशिला रखेंगी। यह पार्क 2026 में जनता को समर्पित किया जाएगा।
राष्ट्रपति के अतिरिक्त सचिव डॉ. राकेश गुप्ता की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय बैठक में बताया गया कि यह पार्क हरियाली, स्वास्थ्य और सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा। इसमें साइकिलिंग ट्रैक, खेल सुविधाएं, पिकनिक लॉन, जॉगिंग ट्रैक और जल सुविधाएं शामिल होंगी।
नागरिकों से पार्क के विकास पर सुझाव आमंत्रित किए गए हैं, जो 6 अप्रैल तक राष्ट्रपति भवन की वेबसाइट https://rb.nic.in/ashiana पर दिए जा सकते हैं।
इसी दिन राष्ट्रपति आशियाना भी जनता के लिए खुलेगा, जिसमें आगंतुक सुविधा केंद्र, एम्फीथिएटर, घुड़सवारी, कैफेटेरिया और कला प्रदर्शनी जैसे आकर्षण होंगे। बैठक में राज्य और केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।