Nepalese families occupied railway land in Haldwani, also got ration and Ayushman cards
हल्द्वानी में नेपाली परिवारों ने रेलवे जमीन पर किया कब्जा, राशन व आयुष्मान कार्ड भी मिले
हल्द्वानी। किदवई नगर क्षेत्र में रेलवे की जमीन पर अवैध कब्जा मामले में जिला प्रशासन, राजस्व विभाग और रेलवे की संयुक्त टीम ने छानबीन की है। सर्वे के दौरान सात नेपाली मूल के परिवारों को रेलवे की जमीन पर टीनशेड बनाकर रहने के साथ-साथ चोरी की बिजली का इस्तेमाल करते हुए पाया गया।
चोरी की बिजली, राशन और आयुष्मान कार्ड का खुलासा
सर्वे के दौरान यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि कब्जाधारी परिवारों के पास उत्तराखंड के राशन कार्ड और पांच लाख तक निशुल्क इलाज की सुविधा देने वाले आयुष्मान कार्ड भी थे। इसके अलावा, अवैध बिजली कनेक्शन मिलने पर ऊर्जा निगम की टीम को मौके पर बुलाकर जांच की गई और चोरी के आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है।
सर्वे में सीमांकन और प्रारंभिक रिपोर्ट तैयार
संयुक्त टीम ने सरकारी अभिलेख, खसरा, नक्शा एवं सीमांकन दस्तावेजों के आधार पर भूमि की पहचान कर अतिक्रमण की स्थिति का परीक्षण किया। कब्जाधारियों के नाम, कब्जे का स्वरूप और प्रयुक्त क्षेत्रफल सहित एक प्रारंभिक सूची तैयार की गई।
एसडीएम राहुल शाह ने बताया कि सीमांकन एवं अतिक्रमण की रिपोर्ट रेलवे और जिला प्रशासन को भेजी जाएगी, ताकि उचित विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा सके।
प्रशासन की कड़ी कार्रवाई की तैयारी
रेलवे और राजस्व विभाग के अधिकारी इस मामले में गंभीरता से काम कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट जीएस चौहान, तहसीलदार मनीषा बिष्ट, अधिशासी अभियंता रेलवे गिर्जेश कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद थे।
प्रशासन ने कब्जाधारियों के दस्तावेजों की वैधता, पते की पुष्टि और नागरिकता स्थिति की जांच के लिए संबंधित विभागों को भी मामले भेजा है।