मथोली गांव बना ‘ब्वारी विलेज’, महिलाओं ने संभाली पयर्टन की कमान
‘ब्वारी विलेज’ के नाम से पहचान बना रहा मथोली, महिलाएं बन रही हैं ग्रामीण पर्यटन की अगुआ
उत्तरकाशी का यह गांव बन रहा महिला सशक्तिकरण और होम स्टे मॉडल का उदाहरण
उत्तरकाशी जनपद में जब भी पयर्टन की बात होती है, तो आमतौर पर हर्षिल वैली या मोरी-सांकरी जैसे इलाकों का जिक्र आता है। लेकिन अब चिन्यालीसौढ़ ब्लॉक का छोटा सा मथोली गांव अपने अनोखे प्रयासों के चलते एक नया पयर्टन केंद्र बनता जा रहा है। खास बात यह है कि इस गांव में पयर्टकों का स्वागत और पूरा संचालन महिलाओं द्वारा किया जा रहा है।
इस परिवर्तन की शुरुआत गांव के युवा प्रदीप पंवार ने की, जो लॉकडाउन के दौरान अपने गांव लौटे थे। पर्यटन के क्षेत्र में पूर्व अनुभव का लाभ उठाते हुए उन्होंने अपनी छानी को होम स्टे में तब्दील किया और इसे पर्यटकों के लिए खोल दिया। यहीं से शुरू हुआ मथोली का सफर ‘ब्वारी विलेज’ बनने की ओर। प्रदीप ने गांव की महिलाओं को आतिथ्य, कुकिंग, ट्रैकिंग और गांव भ्रमण जैसी गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें।
आज गांव में महिलाएं न सिर्फ होम स्टे चला रही हैं, बल्कि पर्यटकों को पहाड़ की जीवनशैली से रूबरू भी करवा रही हैं। गांव की अनीता पंवार बताती हैं कि अब और भी महिलाएं अपनी छानियों को होम स्टे में बदलने की दिशा में काम कर रही हैं। ‘घस्यारी प्रतियोगिता’ जैसी पारंपरिक गतिविधियां भी पर्यटकों को काफी लुभा रही हैं।
प्रदीप पंवार बताते हैं कि उन्होंने 8 मार्च 2022 से होम स्टे की शुरुआत की थी, और अब तक करीब 1000 पर्यटक यहां आ चुके हैं। इससे गांव की करीब 20 महिलाओं को समय-समय पर काम मिल रहा है। उनका होम स्टे अब पर्यटन विभाग में पंजीकृत भी है, जिससे ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा उपलब्ध हो गई है।
पर्यटन विभाग के मुताबिक, उत्तराखंड में फिलहाल 5331 होम स्टे पंजीकृत हैं, जिनमें से अधिकांश ग्रामीण क्षेत्रों में हैं और महिलाओं द्वारा संचालित किए जा रहे हैं। सरकार की पंडित दीनदयाल उपाध्याय होम स्टे योजना के तहत पहाड़ी क्षेत्रों में 33 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जाती है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी मथोली गांव की इस पहल की सराहना करते हुए कहा, “मथोली जैसे गांव महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण पर्यटन का बेहतरीन उदाहरण हैं। यदि कोई परिवार होम स्टे की दिशा में आगे बढ़ता है तो सरकार उन्हें हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।”