आईपीएल 2025 में रविवार का दिन डबल हेडर मुकाबलों से भरा रहा। पहले मैच में मुंबई इंडियंस ने लखनऊ सुपर जायंट्स को हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को उसी के होम ग्राउंड अरुण जेटली स्टेडियम पर शिकस्त दी। दोनों मुकाबलों के नतीजों ने अंक तालिका में बड़ा उलटफेर कर दिया है।
RCB ने दिल्ली पर जीत के साथ प्लेऑफ की दौड़ में मजबूती से कदम रख दिया है और अब 14 अंकों के साथ टॉप पर पहुंच गई है। वहीं, मुंबई इंडियंस 12 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर आ गई है।
टॉप पर पहुंची बेंगलुरु
RCB ने लगातार छठा अवे (बाहर) मैच जीतकर इतिहास रच दिया है। आईपीएल इतिहास में बाहर के मैदानों पर लगातार छह मैच जीतने वाली वह दूसरी टीम बन गई है। बेंगलुरु ने अब तक 10 में से 7 मैच जीते और 3 हारे हैं। उसका नेट रन रेट +0.521 है।
दूसरे स्थान पर गुजरात टाइटंस है, जिसने 8 में से 6 मैच जीतकर 12 अंक जुटाए हैं और उसका नेट रन रेट +1.104 है। मुंबई इंडियंस भी 10 में से 6 जीत के साथ 12 अंकों पर है, जबकि दिल्ली कैपिटल्स 9 मैचों में 6 जीत और 3 हार के साथ 12 अंकों पर चौथे स्थान पर है।
रोमांचक हुई प्लेऑफ की रेस
आईपीएल 2025 की प्लेऑफ रेस बेहद दिलचस्प हो गई है। अब तक 46 मैच हो चुके हैं और कोई भी टीम औपचारिक तौर पर बाहर नहीं हुई है। तीन टीमों के पास 12-12 अंक हैं, जबकि पंजाब किंग्स के 11 और लखनऊ सुपर जायंट्स के 10 अंक हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स, सनराइजर्स हैदराबाद, राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स भी रेस में बने हुए हैं।
बेंगलुरु को प्लेऑफ का टिकट पक्का करने के लिए एक या दो और जीत की जरूरत है, क्योंकि अभी छह टीमें 18 या उससे ज्यादा अंकों तक पहुंचने की संभावना बनाए हुए हैं।
दिल्ली पर शानदार जीत का पूरा हाल
दिल्ली के खिलाफ मुकाबले में RCB के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। भुवनेश्वर कुमार ने 3 विकेट (33 रन देकर), जोश हेजलवुड ने 2 विकेट लिए, जबकि क्रुणाल पंड्या और सुयश शर्मा ने भी अहम योगदान दिया। दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 162 रन बनाए, जिसमें केएल राहुल के 41 रन और ट्रिस्टन स्टब्स के 34 रन शामिल रहे।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेंगलुरु की शुरुआत खराब रही और 26 रन पर तीन विकेट गिर गए थे। लेकिन क्रुणाल पंड्या (47 गेंदों पर 73 रन, 5 चौके, 4 छक्के) और विराट कोहली (47 गेंदों पर 51 रन) ने चौथे विकेट के लिए 119 रनों की साझेदारी कर टीम को संभाला। टिम डेविड ने आखिर में पांच गेंदों पर नाबाद 19 रन बनाकर टीम को छह विकेट से जीत दिलाई।