बारिश में लेटकर बचा रहा था मूंगफली, वीडियो वायरल हुआ तो खुद कृषि मंत्री ने किया कॉल! जानिए किसान गौरव पंवार की कहानी

मूसलाधार बारिश, बहती हुई मूंगफली और उसमें जमीन पर लेटा एक किसान—यह दृश्य बीते कुछ दिनों में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। यह कोई फिल्मी सीन नहीं था, बल्कि महाराष्ट्र के एक किसान गौरव पंवार की हकीकत थी, जो अपनी मेहनत की कमाई को बारिश में बहने से बचाने के लिए खुद की परवाह किए बिना खेत जैसी मंडी में उतर पड़ा।

 वायरल वीडियो ने छुआ दिल, मंत्री ने मिलाया फोन

जब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो हर किसी का दिल पसीज गया। वीडियो में देखा गया कि गौरव पंवार नाम के किसान की मूंगफली वाशिम की मंडी में बारिश के बहाव में बह रही थी। वह फसल को बचाने के लिए अपने हाथों से मूंगफली समेट रहे थे, कभी बैठकर तो कभी लेटकर। इस संघर्ष को देखकर देशभर से लोग भावुक हो उठे।

इस वीडियो ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का भी ध्यान खींचा। उन्होंने न सिर्फ गौरव से फोन पर बात की, बल्कि उसे हर संभव मदद का भरोसा भी दिलाया।

 शिवराज सिंह चौहान ने कहा- भारत सरकार आपके साथ है”

फोन कॉल पर शिवराज सिंह चौहान ने गौरव से कहा:

मैंने आपका वीडियो देखा है। आपकी मूंगफली खराब हो गई, लेकिन घबराइए मत। महाराष्ट्र सरकार संवेदनशील है। मैंने महाराष्ट्र के कृषि मंत्री, मुख्यमंत्री और कलेक्टर से बात कर ली है। सोमवार तक आपकी मदद सुनिश्चित की जाएगी।”

इस मानवीय प्रतिक्रिया को लोगों ने सोशल मीडिया पर खूब सराहा और कहा कि “जब नेता जमीन से जुड़ा होता है, तभी किसान को उम्मीद मिलती है।”

 बारिश में भीगने से बिगड़ी तबीयत, फिर भी हिम्मत नहीं हारी

गौरव पंवार ने बताया कि बारिश में भीगने की वजह से उनकी तबीयत खराब हो गई है। बावजूद इसके वे अपनी फसल को लेकर चिंतित हैं। इस घटना ने एक बार फिर से किसानों की संघर्षपूर्ण ज़िंदगी को उजागर कर दिया है।

 महाराष्ट्र में बेमौसम बारिश का कहर

इस घटना से यह भी सामने आया कि महाराष्ट्र के कई हिस्सों में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसान भारी नुकसान झेल रहे हैं। मूंगफली, प्याज, टमाटर जैसी फसलें मंडियों तक पहुंचते ही बर्बाद हो रही हैं।