धाकड़ धामी ने फिर दिखाया खेल कौशल, क्रिकेट के जरिये दिया फिटनेस का संदेश

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अक्सर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेते हैं। चाहे सुबह की सैर हो या खेल-कूद, वे हमेशा प्रदेशवासियों को फिटनेस के प्रति प्रेरित करते नजर आते हैं। इसी कड़ी में, मुख्यमंत्री धामी ने अपने सरकारी आवास पर बेटे के साथ क्रिकेट खेलते हुए अपनी फिटनेस का प्रदर्शन किया और नई पीढ़ी को खेलों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।

 

मुख्यमंत्री ने इस खास पल की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा कीं, जिसमें वे अपने बेटे के साथ क्रिकेट खेलते नजर आ रहे हैं। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “व्यस्त दिनचर्या के बीच आज बेटे के साथ क्रिकेट खेला। अनुशासित जीवनशैली और नियमित व्यायाम ही स्वस्थ जीवन का आधार है। हमें नई पीढ़ी को किसी न किसी खेल में रुचि रखने और नियमित रूप से खेलने के प्रति प्रोत्साहित करना चाहिए।”

 

देहरादून नगर निगम में होली मिलन: पुष्पवर्षा से हुआ मुख्यमंत्री का स्वागत, हर्षोल्लास के साथ मना पर्व

 

खूबसूरत आवास के लॉन में दिखे धामी के क्रिकेट स्किल्स

यह तस्वीरें मुख्यमंत्री के सरकारी आवास की हैं, जो देहरादून की सुरम्य वादियों में स्थित है और अपनी पहाड़ी शैली की अनूठी बनावट के लिए प्रसिद्ध है। इस आलीशान आवास के हरे-भरे लॉन में मुख्यमंत्री धामी अपने बेटे के साथ क्रिकेट खेलते नजर आए। उनके शॉट्स और खेल के प्रति उत्साह ने हर किसी का ध्यान आकर्षित किया।

फिट इंडिया मूवमेंट को दिया नया आयाम

मुख्यमंत्री धामी लगातार फिटनेस और स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता फैलाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने हाल ही में अपने अधिकारियों को भी निर्देश दिए थे कि वे फिट इंडिया मूवमेंट से जुड़ी कार्य योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू करें। इस प्रकार, उन्होंने खुद मैदान में उतरकर यह संदेश दिया कि फिटनेस को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना आवश्यक है।

सीएम धामी की यह पहल युवाओं और प्रदेशवासियों को न केवल फिटनेस के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित कर रही है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि खेल हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा होना चाहिए।