Delhi: पीएम मोदी के जन्मदिन पर दिव्यांगों और बुजुर्गों के लिए 64.66 करोड़ का विशेष उपहार

नई दिल्ली (Delhi News): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर 17 सितंबर से शुरू हो रहे सेवा पखवाड़े के अवसर पर दिल्ली सरकार ने दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए खास पहल की है। इस योजना के तहत दृष्टिबाधित छात्राओं के लिए अटल दृष्टि छात्रावास, बौद्धिक रूप से दिव्यांग व्यक्तियों के लिए अटल आशा गृह और बुजुर्गों के लिए सावित्रीबाई फुले वरिष्ठ नागरिक गृह का निर्माण किया गया है। इन सभी केंद्रों की कुल लागत 64.66 करोड़ रुपये है।

शुभारंभ करेंगे अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह त्यागराज स्टेडियम से इन केंद्रों का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार असहाय और कमजोर वर्ग के जीवन को सुविधाजनक बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।

दृष्टिबाधित छात्राओं के लिए अटल दृष्टि छात्रावास

तिमारपुर में 13.42 करोड़ रुपये की लागत से चार मंजिला छात्रावास तैयार किया गया है। 3703.43 वर्गमीटर में बने इस भवन में 96 छात्राओं के रहने की सुविधा है। इसे विशेष रूप से छात्राओं की जरूरतों के अनुसार डिजाइन किया गया है।

सावित्रीबाई फुले वरिष्ठ नागरिक गृह

पश्चिम विहार में 10.64 करोड़ रुपये की लागत से 2257 वर्गमीटर में चार मंजिला वरिष्ठ नागरिक गृह बनाया गया। यहां 96 बुजुर्गों के रहने की व्यवस्था की गई है। इस केंद्र में चिकित्सा सुविधा, पौष्टिक भोजन और मनोरंजन की सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।

अटल आशा गृह में 220 लोगों के लिए जगह

नरेला में 40.60 करोड़ रुपये की लागत से 12,500 वर्गमीटर में चार मंजिला अटल आशा गृह बनाया गया। इसमें बौद्धिक रूप से दिव्यांग 220 लोग रहेंगे। उन्हें भोजन, स्वास्थ्य जांच, शिक्षा, खेल और मनोरंजन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

कमजोर वर्गों के लिए नई उम्मीद

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये केंद्र अटल बिहारी वाजपेयी और सावित्रीबाई फुले की स्मृति में बनाए गए हैं। सेवा पखवाड़े के दौरान 17 सितंबर से गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती तक कुल 75 योजनाएं शुरू की जाएंगी, जो कमजोर वर्ग के लोगों को आत्मनिर्भर बनाने में मदद करेंगी।