कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने दिया इस्तीफा, विवादास्पद बयान के बाद बढ़ता विरोध बना कारण

देहरादून/ उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने रविवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। फरवरी में बजट सत्र के दौरान उनके विवादास्पद बयान के बाद से जनता और विपक्ष लगातार उनके इस्तीफे की मांग कर रहे थे। बढ़ते दबाव के बीच उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अपना त्यागपत्र सौंप दिया, जिसे राज्यपाल को अग्रेषित कर दिया गया है।

इस्तीफे से पहले अग्रवाल ने रामपुर तिराहा स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि दी। प्रेस वार्ता में उन्होंने अपने बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य आंदोलन में उनकी भूमिका को साबित करना उनके लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।

कांग्रेस ने उनके इस्तीफे को जनता की जीत बताया। वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने इसे “अहंकार के अंत” की संज्ञा दी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पर भी निशाना साधा।

इस इस्तीफे के बाद धामी मंत्रिमंडल में रिक्त पदों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है, जिससे जल्द ही कैबिनेट विस्तार की संभावना प्रबल हो गई है।