उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र 18 फरवरी से, 19 को पेश हो सकता है बजट
देहरादून/ उत्तराखंड की पांचवीं विधानसभा का पहला सत्र आगामी 18 फरवरी से देहरादून में प्रारंभ होगा। विधानसभा सचिवालय ने इसकी आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। इस सत्र के दौरान प्रदेश सरकार वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए अपना बजट प्रस्तुत करेगी।
विधानसभा उप सचिव हेम चंद्र पंत के अनुसार, सत्र की शुरुआत 18 फरवरी को सुबह 11 बजे होगी, जिसमें राज्यपाल अभिभाषण देंगे। माना जा रहा है कि इस अभिभाषण में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं पर विशेष जोर दिया जाएगा।
सूत्रों की मानें तो राज्यपाल के अभिभाषण के एक दिन बाद, 19 फरवरी को राज्य का बजट पेश किया जा सकता है। हालांकि, इस पर अंतिम निर्णय कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में लिया जाएगा। वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने इस सत्र के 24 फरवरी तक चलने के संकेत दिए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बजट को लेकर कहा कि यह सर्वसमावेशी होगा और इसे अंतिम रूप देने से पहले सभी हितधारकों से सुझाव लिए गए हैं। केंद्र सरकार का बजट आने के बाद राज्य सरकार ने भी फरवरी में बजट सत्र आयोजित करने का फैसला किया।
उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड विधानसभा का पिछला सत्र 23 अगस्त 2024 को संपन्न हुआ था। संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार, छह माह के भीतर नया सत्र बुलाना आवश्यक होता है। इसी के तहत प्रदेश सरकार ने 18 फरवरी से सत्र बुलाने का निर्णय लिया है।