चारधाम यात्रा में बड़ी राहत! Kedarnath में शुरू हुआ 50 Bed Modern Hospital

केदारनाथ यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। उत्तराखंड सरकार ने हाई एल्टीट्यूड हेल्थ इमरजेंसी से निपटने के लिए केदारनाथ धाम में एक अत्याधुनिक 50 बेड का हाई-टेक हॉस्पिटल शुरू किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अस्पताल का उद्घाटन करते हुए कहा कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।
यह आधुनिक अस्पताल 12,000 फीट की ऊंचाई पर तैयार किया गया है, जिसे दुनिया के सबसे ऊंचाई वाले आधुनिक मेडिकल सेंटरों में शामिल माना जा रहा है। अस्पताल का निर्माण भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) और स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन सोसाइटी के सहयोग से किया गया है।

हाई एल्टीट्यूड पर मिलेगा एडवांस ट्रीटमेंट

केदारनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को अक्सर Low Oxygen Level, Breathing Problem, Hypothermia और High Altitude Sickness जैसी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में यह अस्पताल यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। अस्पताल में ऑक्सीजन सपोर्ट, इमरजेंसी केयर, मॉनिटरिंग सिस्टम और गंभीर मरीजों के लिए त्वरित इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
सीएम धामी ने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले हिमालयी क्षेत्र में आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि अस्पताल शुरू होने से केदारनाथ आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों दोनों को फायदा मिलेगा।

चारधाम यात्रा में हेल्थ सुविधाओं पर फोकस

हर साल लाखों श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के लिए कठिन ट्रेक पूरा करते हैं। ऊंचाई और ठंड की वजह से कई बार यात्रियों की तबीयत बिगड़ जाती है। गंभीर मामलों में एयरलिफ्ट तक की नौबत आ जाती है। अब इस High-Tech Hospital के शुरू होने से मौके पर ही प्राथमिक और एडवांस इलाज मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य सरकार चारधाम यात्रा रूट पर स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार मजबूत कर रही है। आयुष्मान योजना के तहत राज्य में करीब 61 लाख हेल्थ कार्ड बनाए जा चुके हैं, जिससे लोगों को Free Treatment की सुविधा मिल रही है।

श्रद्धालुओं के लिए संजीवनी बनेगा अस्पताल

अस्पताल में 50 बेड के साथ हाई एल्टीट्यूड मेडिकल सपोर्ट सिस्टम तैयार किया गया है। यहां ऑक्सीजन की कमी, हार्ट संबंधी परेशानी और ठंड से जुड़ी आपात स्थितियों का इलाज किया जाएगा। इससे यात्रा के दौरान मेडिकल इमरजेंसी में राहत मिलने की उम्मीद है। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केदारनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना भी की और अस्पताल में भर्ती श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।