Dehradun Murder Case: Drunk ex-army man kills wife with bottle, glass and grinding stone, arrested
देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी Dehradun से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कैंट क्षेत्र में शराब के नशे में धुत एक पूर्व सैन्यकर्मी ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जांच में सामने आया है कि झगड़े के दौरान आरोपी ने पहले पत्नी को शराब की बोतल से मारा, फिर गिलास और उसके बाद सिलबट्टे से वार किया। गंभीर चोट लगने से पत्नी की दीवार से सिर टकरा गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
खून साफ कर बनाया झूठा हादसे का बहाना
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पत्नी के बेहोश होने के बाद भी उसे तुरंत अस्पताल नहीं ले गया। पहले घर में फैला खून साफ किया और फिर ‘बाथरूम में गिरने’ की कहानी गढ़ी। इसके बाद वह पत्नी को अस्पताल लेकर गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
SSP अजय सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान प्रेम बहादुर (57) निवासी पोखरा, नेपाल के रूप में हुई है। वह सेना से वर्ष 2007 में सेवानिवृत्त हुआ था। उसकी पत्नी कोपिला थापा मानसिक और शारीरिक बीमारियों से ग्रस्त थी। दोनों देहरादून के गढ़ी क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहे थे।
घटना की रात शराब पीकर हुआ विवाद
12 अक्टूबर की शाम दोनों ने शराब पी थी, जिसके बाद झगड़ा इतना बढ़ा कि प्रेम बहादुर ने पत्नी पर लगातार वार किए। पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी ने बाद में पड़ोसियों से कहा कि उसकी पत्नी बाथरूम में फिसल गई, जबकि दीवारों पर खून के निशान साफ कर दिए गए थे।
साक्ष्य मिटाने की कोशिश नाकाम
अगले दिन आरोपी ने खून लगी शराब की बोतल, टूटा गिलास और सिलबट्टा एक काले प्लास्टिक बैग में डालकर डाकरा रोड के जंगल में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर ये सभी साक्ष्य बरामद कर लिए हैं।
फिलहाल आरोपी पर गैर इरादतन हत्या (IPC Section 304) का मुकदमा दर्ज किया गया है, लेकिन पुलिस ने संकेत दिए हैं कि अधिक गंभीर धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं।