ट्रंप ने की पीएम मोदी की जमकर तारीफ, भारत-अमेरिका संबंधों में नया मोड़?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत-अमेरिका के बीच चल रही टैरिफ वार्ता के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खुले दिल से प्रशंसा की है।

व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी मेरे बहुत अच्छे दोस्त हैं। हमारी बातचीत हमेशा बहुत अच्छी रहती है और मुझे उम्मीद है कि टैरिफ वार्ता सफल रहेगी।” यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप ने मोदी की तारीफ की है; इससे पहले भी वह उन्हें महान नेता और कुशल वार्ताकार बता चुके हैं।

पॉडकास्ट में पीएम मोदी ने की ट्रंप की तारीफ, ट्रंप ने शेयर किया वीडियो

हाल ही में लोकप्रिय अमेरिकी पॉडकास्टर लेक्स फ्रिडमैन के साथ बातचीत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डोनाल्ड ट्रंप को अपना अच्छा दोस्त बताते हुए साहसी और निर्णायक नेता करार दिया। उन्होंने कहा, “ट्रंप और मेरी बॉन्डिंग इसलिए खास है क्योंकि हम दोनों अपने-अपने देशों को सर्वोपरि रखते हैं।” मोदी ने स्पष्ट किया कि दोनों नेताओं के बीच आपसी विश्वास का रिश्ता कायम है, चाहे जो भी चुनौतियाँ सामने हों। ट्रंप ने इस पॉडकास्ट को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर साझा भी किया था।

टैरिफ वार्ता के बीच ट्रंप ने पीएम मोदी को बताया ‘स्मार्ट’

भारत और अमेरिका के बीच टैरिफ को लेकर चल रही बातचीत के दौरान ट्रंप ने मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री मोदी बहुत होशियार हैं और मेरे बहुत अच्छे दोस्त हैं। भारत दुनिया के उन देशों में से एक है, जो सबसे अधिक टैरिफ लगाता है, लेकिन मुझे विश्वास है कि दोनों देशों के बीच यह मुद्दा हल हो जाएगा।” ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी को एक बेहतरीन नेता बताया और कहा कि दोनों देशों के रिश्ते और भी मजबूत होंगे।

भारत-अमेरिका संबंधों में मजबूती की ओर इशारा

भारत और अमेरिका के संबंधों में इस तरह की दोस्ताना बयानबाजी एक सकारात्मक संकेत है, विशेष रूप से ऐसे समय में जब टैरिफ विवाद सुलझाने की कोशिशें जारी हैं। प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप की दोस्ती और आपसी विश्वास दोनों देशों के हितों के लिए एक मजबूत आधार तैयार कर रहे हैं। यह संबंध न केवल व्यापार बल्कि सामरिक, सुरक्षा और वैश्विक मुद्दों पर भी प्रभावी साबित हो सकता है