ऑपरेशन शील्ड के तहत आज छह राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों में मॉक ड्रिल

पाकिस्तान से तनावपूर्ण हालात के बीच भारत ने ऑपरेशन शील्ड के तहत आज शनिवार को जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान, गुजरात, हरियाणा और चंडीगढ़ में एक बार फिर विस्तृत मॉक ड्रिल का आयोजन किया है। इस ड्रिल में हवाई हमले, ड्रोन अटैक और मिसाइल स्ट्राइक जैसी आपात स्थितियों से निपटने की रणनीतियों का अभ्यास होगा।

शाम 5 बजे सायरन बजेगा, होगी ब्लैकआउट तैयारी

शाम 5 बजे से सभी जगहों पर सायरन बजाकर एयर रेड अलर्ट का सिमुलेशन किया जाएगा। इसके बाद आपातकालीन रेस्पॉन्स टीमें, फायर सर्विस, होम गार्ड्स, और स्थानीय प्रशासन हरकत में आएंगे। देर शाम ब्लैकआउट की भी तैयारी की गई है ताकि रात के समय दुश्मन से बचाव के उपायों को परखा जा सके।

नागरिक सुरक्षा और वायुसेना का तालमेल

ड्रिल के दौरान वायुसेना और सिविल डिफेंस कंट्रोल रूम के बीच हॉटलाइन कनेक्टिविटी, एनसीसी, एनएसएस और भारत स्काउट गाइड के वॉलंटियर्स की तैनाती, आम नागरिकों की सुरक्षा और संपत्ति की हिफाजत को लेकर अभ्यास किया जाएगा।

पहले भी हो चुकी है मॉक ड्रिल

इससे पहले 7 मई को 244 जिलों में मॉक ड्रिल कराई गई थी, जो पहलगाम आतंकी हमले के बाद गृह मंत्रालय के निर्देश पर हुई थी। वहीं यह मॉक ड्रिल 10 मई के सीजफायर के बाद पहली बार हो रही है, जो इसे और भी अहम बनाती है।

 प्रशासन ने क्या कहा?

सिविल डिफेंस और अग्निशमन महानिदेशालय ने सभी जिलों को निर्देश दिए हैं कि वे स्थानीय प्रशासन को साथ लेकर ड्रिल की योजना बनाएं।

“यह अभ्यास हमारी आपातकालीन तैयारी की वास्तविक परीक्षा है, जिससे भविष्य में हवाई हमलों या आतंकी वारदातों से बेहतर निपटा जा सकेगा।” – सीनियर सिविल डिफेंस अधिकारी