उत्तराखंड में मौसम बदलेगा, बारिश और बर्फबारी की संभावना
देहरादून/ उत्तराखंड में मंगलवार से मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य के पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है, जबकि तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाली चोटियों पर बर्फबारी हो सकती है। यह बदलाव मैदान से लेकर पहाड़ तक महसूस किया जाएगा।
इन जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना—
उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की वर्षा हो सकती है। वहीं, टिहरी, देहरादून, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर जिलों में गरज के साथ बिजली चमकने और हल्की बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
गिरेगा तापमान—
सोमवार को प्रदेशभर में शुष्क मौसम बना रहा, जिससे अधिकतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। देहरादून में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि मुक्तेश्वर में यह सामान्य से नौ डिग्री अधिक 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बारिश और बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट आ सकती है और अधिकतम तापमान में पांच डिग्री तक की कमी हो सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ के असर से बदलेगा मौसम—
मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में मौसम में बदलाव होगा। यदि विक्षोभ अधिक सक्रिय हुआ तो मध्यम बारिश हो सकती है, अन्यथा हल्की बूंदाबांदी तक ही सीमित रहेगा। इससे पहले भी एक पश्चिमी विक्षोभ आया था, लेकिन वह बिना बारिश के ही निकल गया।
फरवरी के दूसरे सप्ताह में बारिश के कम आसार—
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, फरवरी के दूसरे सप्ताह में बारिश की संभावना कम है। इससे मैदान से लेकर पहाड़ तक तापमान में वृद्धि जारी रह सकती है। हालांकि, मंगलवार और बुधवार को गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के कुछ जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात की संभावना बनी हुई है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर उन क्षेत्रों में जहां गरज के साथ बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है।