युवाओं को मिलेगा रोजगार! ITBP और कौशल विकास विभाग के बीच जल्द होगा MOU
उत्तराखंड सरकार युवाओं को स्वरोजगार और रोजगार के नए अवसर प्रदान करने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में कौशल विकास विभाग और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) ने मिलकर एक महत्वपूर्ण पहल शुरू करने की योजना बनाई है।
इस योजना के तहत राज्य के युवाओं को राफ्टिंग और माउंटेनियरिंग जैसे साहसिक खेलों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क होगा, जिसकी समस्त वित्तीय जिम्मेदारी कौशल विकास विभाग उठाएगा। वहीं, प्रशिक्षण पूरा करने के बाद युवाओं को प्रमाण पत्र और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी ITBP की होगी। प्रत्येक बैच में कुल 16 युवाओं को शामिल किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक युवाओं को लाभ मिल सके।
जल्द होगा समझौते पर हस्ताक्षर—
इस योजना को औपचारिक रूप देने के लिए कौशल विकास विभाग और ITBP जल्द ही एक समझौता (MOU) करने जा रहे हैं। इस साझेदारी का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को प्रशिक्षित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है, जिससे वे साहसिक खेलों के माध्यम से अपना करियर बना सकें।
साहसिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा—
यह पहल न केवल युवाओं को रोजगार दिलाने में मदद करेगी, बल्कि उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी। इससे राज्य में रोजगार के अधिक अवसर पैदा होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
गौरतलब है कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जिसने ITBP और पशुपालन विभाग के बीच एमओयू किया था। इस समझौते के सकारात्मक परिणाम भी सामने आए हैं, जिसके तहत बीते चार महीनों में ITBP ने प्रदेश के पशुपालकों और मत्स्य पालकों से लगभग 1.25 करोड़ रुपये की खरीद की है।
इस समीक्षा बैठक में कौशल विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा, कौशल विकास सचिव सी. रविशंकर और ITBP के महानिरीक्षक संजय गुंजियाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। उम्मीद की जा रही है कि यह योजना युवाओं के लिए रोजगार का एक सुनहरा अवसर साबित होगी और उत्तराखंड को साहसिक पर्यटन में अग्रणी राज्य बनाने में मदद करेगी।