उत्तरकाशी, 29 जनवरी/ उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद में बुधवार दोपहर एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए। दोपहर 3:28 बजे आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 2.7 मापी गई, जिसका केंद्र तहसील भटवाड़ी के ग्राम साल्ड उपरिकोट निसमोर के मध्य वन क्षेत्र में धरती की सतह से पांच किलोमीटर नीचे था।
भूकंप का झटका महसूस होते ही स्थानीय लोग घबराकर घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। इस झटके से हालांकि कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ, लेकिन लगातार आ रहे भूकंप के झटकों से लोग डरे हुए हैं।
एक सप्ताह में तीसरी बार हिली धरती—
उत्तरकाशी में बीते एक सप्ताह में यह तीसरी बार भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। इससे पहले शुक्रवार (24 जनवरी) को भी तीन बार भूकंप आया था। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के अनुसार, उस दिन सुबह 7:41 बजे पहला झटका (तीव्रता 2.7), फिर 8:19 बजे दूसरा झटका (तीव्रता 3.5) और पौने ग्यारह बजे हल्का झटका महसूस किया गया था।
भूकंप के लिहाज से संवेदनशील उत्तरकाशी—
उत्तरकाशी भूकंप के जोन 4 और 5 में आता है, जो इसे अत्यंत संवेदनशील बनाता है। विशेषज्ञों के अनुसार, हिमालयी क्षेत्र में इंडियन प्लेट और यूरेशियन प्लेट के घर्षण के कारण भूकंप आते हैं। इस क्षेत्र में साल 1991 में आए विनाशकारी भूकंप ने भारी तबाही मचाई थी, जिसके कारण यहां के लोग आज भी भूकंप के झटकों से सहम जाते हैं।
सरकार और प्रशासन अलर्ट—
हालांकि अभी तक किसी प्रकार की क्षति की सूचना नहीं मिली है, लेकिन जिला प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। लोगों से अपील की गई है कि वे सतर्क रहें और भूकंप के दौरान आवश्यक सुरक्षा उपायों का पालन करें।