Ex-Muslim YouTuber attacked in his home office in Ghaziabad, condition critical
लोकप्रिय एक्स-मुस्लिम यूट्यूबर Saleem Wastik पर गाज़ियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र में उनके घर के भीतर बने ऑफिस में बेरहमी से हमला किया गया।
लोनी की अशोक विहार कॉलोनी निवासी सलीम वास्टिक पर दो अज्ञात हमलावरों ने कथित तौर पर उनके ऑफिस में घुसकर कई बार चाकू से वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हमलावर अचानक ऑफिस में दाखिल हुए और गर्दन व पेट को निशाना बनाते हुए चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
अशोक विहार स्थित घर के ऑफिस में हमला
पुलिस के मुताबिक सलीम ने अपने घर के अंदर एक छोटा ऑफिस बना रखा था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे दो युवक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर हेलमेट पहनकर पहुंचे। दोनों ऑफिस में घुसे और सलीम पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि एक हमलावर ने उनका गला रेतने की कोशिश की, जबकि दूसरे ने पेट में चाकू मारा। हमला करने के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल सलीम को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। उन्हें दिल्ली के Guru Teg Bahadur Hospital में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, टीमें गठित
लोनी के एसीपी Siddharth Gautam ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।
पुलिस ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि सलीम वास्टिक सोशल मीडिया पर मुस्लिम समुदाय को लेकर दिए गए बयानों के कारण पहले भी चर्चा में रहे हैं। हालांकि, पुलिस सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही है और हमले के पीछे की सटीक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।