राज्यपाल गुरमीत सिंह से संस्कृत सचिव दीपक कुमार की भेंट, विभागीय प्रगति पर हुई विस्तृत चर्चा

देहरादून: उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) से संस्कृत शिक्षा, जनगणना एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग के सचिव दीपक कुमार ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों के बीच विभागीय कार्यों की प्रगति और भविष्य की योजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में सचिव दीपक कुमार ने राज्यपाल को जानकारी दी कि उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय में वर्ष 2010 में हुई नियुक्तियों के लिए प्रमोशन पैनल को स्वीकृति दी जा चुकी है। इसके साथ ही विश्वविद्यालय में नए कुलपति (Vice-Chancellor) के चयन की प्रक्रिया भी जारी है।

राज्यपाल ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न अनुसंधान गतिविधियों की जानकारी भी ली। विशेष रूप से उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “मन की बात” कार्यक्रम पर कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग द्वारा किए जा रहे शोध कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी मांगी।

बैठक के दौरान राज्यपाल ने सचिव को विभागीय योजनाओं की पारदर्शिता और प्रभावशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संस्कृत शिक्षा के क्षेत्र में राज्य सरकार को ऐसी पहल करनी चाहिए जिससे यह भाषा आधुनिक शिक्षा व्यवस्था से और अधिक जुड़ सके।

इस अवसर पर विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।