Uttarkashi Disaster: धराली आपदा प्रभावितों को मिलेगी 5 लाख की राहत, मुख्यमंत्री धामी की बड़ी घोषणाएं

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में आई भयानक धराली आपदा के बाद प्रदेश सरकार ने प्रभावितों के लिए बड़ी राहत योजनाओं का एलान किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि पूरी तरह से ध्वस्त मकानों के लिए फौरी राहत के रूप में 5 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। साथ ही, आपदा में मृतकों के परिवारों को भी 5 लाख रुपये मुआवजा दिया जाएगा।

प्रभावितों के पुनर्वास और आजीविका सुदृढ़ीकरण के लिए समिति का गठन

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि धराली, सैंजी और बांकुड़ा क्षेत्रों में कई मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। प्रभावित परिवारों की मदद के लिए सचिव राजस्व डॉ. सुरेंद्र नारायण की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है। इस समिति में यूकाडा के CEO आशीष कुमार चौहान और अपर सचिव वित्त हिमांशु खुराना शामिल हैं। समिति एक सप्ताह के भीतर पुनर्वास और आजीविका सुदृढ़ीकरण के लिए अपनी रिपोर्ट शासन को सौंपेगी।

यह समिति प्रभावित क्षेत्र के दीर्घकालिक और प्रभावी पुनर्वास नीति का निर्माण करेगी, जिससे स्थानीय समुदाय की सुरक्षा और आजीविका सुनिश्चित हो सके।

मुआवजे का वितरण जल्द शुरू होगा

सीएम धामी ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में मकान, जमीन, खेती और अन्य नुकसान का आकलन शुरू हो चुका है। अगले दो से तीन दिनों में मुआवजे का वितरण शुरू कर दिया जाएगा। साथ ही, विस्तृत सर्वे जारी है ताकि नुकसान का सही आंकलन हो सके।

धराली में बिजली आपूर्ति बहाल

आपदा के पांचवें दिन धराली और हर्षिल में बिजली आपूर्ति बहाल हो गई है। यूपीसीएल ने युद्धस्तर पर काम करते हुए प्रभावित इलाकों में बिजली पहुंचा दी है। यह राहत कार्य प्रभावितों के लिए एक बड़ी सहायता साबित होगा।

मलबे में दबी जिंदगियों की खोज में तकनीकी मदद

सरकार ने धराली में चल रहे खोज और बचाव अभियान को और सशक्त बनाने के लिए हैदराबाद स्थित नेशनल जिओ फिजिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट से GPR Radar मंगवाया है। यह ग्राउंड पेनिट्रेटिंग रडार मलबे के नीचे दबे लोगों को खोजने में मदद करेगा, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन की सफलता बढ़ेगी।