टीबी उन्मूलन में उत्तराखंड को राष्ट्रीय पुरस्कार

नई दिल्ली/देहरादून। उत्तराखंड को विश्व क्षय रोग (टीबी) दिवस पर विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में ‘टीबी मुक्त पंचायत पहल’ में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), उत्तराखंड की मिशन निदेशक स्वाति एस. भदौरिया को प्रदान किया।

टीबी उन्मूलन में उत्तराखंड की सफलता

इस उपलब्धि से राज्य सरकार, स्वास्थ्य विभाग, स्थानीय प्रशासन और जमीनी स्तर पर कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों का मनोबल बढ़ा है। मिशन निदेशक स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के मार्गदर्शन में यह सफलता मिली है।

टीबी के खिलाफ जन आंदोलन

उत्तराखंड में ‘टीबी मुक्त पंचायत पहल’ के तहत जागरूकता, त्वरित पहचान, बेहतर उपचार और समुदाय की भागीदारी पर जोर दिया गया। ‘निक्षय मित्र योजना’ के माध्यम से मरीजों को पोषण और सामाजिक समर्थन भी दिया जा रहा है। राज्य में प्रभावी ट्रैकिंग सिस्टम और मल्टी-सेक्टोरल एप्रोच को अपनाकर टीबी उन्मूलन को जन आंदोलन का रूप दिया गया है।