सीएम योगी ने अलीगढ़ में की बड़ी परियोजनाओं की शुरुआत, जानिए क्या-क्या हुआ लोकार्पित

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज सुबह करीब 10 बजे अलीगढ़ पहुंच गए। वे आईटीआई हेलीपैड से कलेक्ट्रेट सभागार पहुंचे, जहां उन्होंने अलीगढ़, हाथरस, एटा और कासगंज के जनप्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में स्थानीय समस्याओं पर चर्चा हुई और सीएम योगी ने इन मुद्दों के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।

बैठक के बाद मुख्यमंत्री योगी नुमाइश ग्राउंड पहुंचे, जहां उन्होंने अलीगढ़ मंडल के लिए कुल 1194 करोड़ रुपये की लागत से 188 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसके साथ ही उन्होंने सीएम युवा योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान, आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड, एनआरएलएम क्रेडिट लिंकेज चेक, पीएम एवं सीएम आवास योजना के लाभार्थियों को लाभ प्रदान किया। विद्यार्थियों को टैबलेट भी वितरित किए गए और अन्न प्रसाद भी कराया गया।

सीएम योगी ने जनसभा को संबोधित करते हुए क्षेत्र के विकास पर जोर दिया। प्रमुख परियोजनाओं में बी-श्रेणी की विधि विज्ञान प्रयोगशाला, अलीगढ़ पेयजल पुनर्गठन योजना-3, भूमिगत जलाशय, अतरौली के हरदोई में राजकीय महाविद्यालय और स्टेशन रोड का चौड़ीकरण शामिल हैं। शिलान्यास कार्यों में फूड क्राफ्ट संस्थान का उन्नयन, अभ्युदय कंपोजिट स्कूल का निर्माण, गोंडा रोड तथा गोपी-भिलावली मार्ग का सुदृढ़ीकरण और अलीगढ़-रामघाट मार्ग का 4-लेन विस्तार प्रमुख हैं।