नवरात्र में उत्तराखंड कैबिनेट में फेरबदल, तीन मंत्रियों की विदाई संभव
देहरादून। उत्तराखंड की धामी सरकार तीन साल पूरे करने जा रही है, और इसी के साथ मंत्रिमंडल विस्तार व फेरबदल की अटकलें तेज हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक, नवरात्र के दौरान कैबिनेट का नया स्वरूप सामने आ सकता है। इस बदलाव में तीन वरिष्ठ मंत्रियों की विदाई तय मानी जा रही है, जबकि पांच रिक्त पद भरे जाएंगे। इसमें क्षेत्रीय और जातीय संतुलन को प्राथमिकता मिलेगी।
पंजाबी समाज के विधायक को मिल सकती है जगह
संभावित मंत्रिमंडल में पंजाबी समाज के एक विधायक को शामिल किए जाने की संभावना है। इसके अलावा, वरिष्ठता और अनुभव के आधार पर नए मंत्रियों की नियुक्ति होगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जल्द ही दिल्ली दौरा कर शीर्ष नेतृत्व से इस विषय पर चर्चा कर सकते हैं।
आरएसएस की बैठक के बाद बढ़ेगी हलचल
कैबिनेट विस्तार से पहले आरएसएस की 21-23 मार्च तक बेंगलुरु में होने वाली प्रतिनिधि सभा का इंतजार किया जा रहा है, जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष भी शामिल होंगे। संभावना है कि 23 मार्च के बाद कैबिनेट फेरबदल पर चर्चा तेज होगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की जल्द होगी घोषणा
कैबिनेट विस्तार से पहले भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा संभावित है। इस पद के लिए महेंद्र भट्ट, आदित्य कोठारी, खजानदास, विनोद चमोली, आशा नौटियाल और दीप्ति रावत भारद्वाज के नाम चर्चा में हैं।
मुख्यमंत्री संभाल रहे 35 विभाग
कैबिनेट मंत्री प्रेम चंद अग्रवाल के इस्तीफे के बाद पांच पद रिक्त हो गए हैं, जिससे मुख्यमंत्री धामी को 35 विभागों की जिम्मेदारी उठानी पड़ रही है। इससे प्रशासनिक कार्यों पर प्रभाव पड़ सकता है।
दिल्ली में सक्रिय हुए मंत्री पद के दावेदार
मंत्री बनने के दावेदार दिल्ली में अपने संपर्कों को मजबूत करने में जुट गए हैं। अब तक एक दर्जन से अधिक भाजपा विधायक दिल्ली दौरा कर चुके हैं। भाजपा सूत्रों के अनुसार, 26 मार्च के बाद कभी भी प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा हो सकती है, जबकि मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल नवरात्र के दौरान होने की संभावना है।