उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियां शुरू

देहरादून। उत्तराखंड निर्वाचन आयोग ने पंचायत चुनावों की तैयारियों के तहत 1 से 22 मार्च तक विशेष अभियान शुरू किया है। इस दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन और त्रुटियों को सुधारने का कार्य होगा।

राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी जिलों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। प्रत्येक ग्राम पंचायत में मतदाता सूची का सार्वजनिक प्रदर्शन किया जाएगा, ताकि छूटे हुए मतदाता अपना नाम दर्ज करा सकें। बीएलओ भी इस प्रक्रिया में सहयोग देंगे।

चमोली, टिहरी गढ़वाल और ऊधमसिंह नगर में मतदाता सूची की त्रुटियों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, नैनीताल और अल्मोड़ा में अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन की सराहना की गई।

इसके अलावा, निर्वाचन आयोग ने मतदान प्रक्रिया को और प्रभावी बनाने के लिए राजनीतिक दलों से सुझाव मांगे हैं और 31 मार्च तक राज्यों से रिपोर्ट तलब की है। पंचायत चुनाव निष्पक्ष कराने के लिए मतदान केंद्रों और सामग्री की समीक्षा भी की गई।