उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, ऊंचे इलाकों में बर्फबारी के आसार

देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 13 से 15 मार्च के बीच 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और बारिश होने की संभावना है। उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है, जबकि अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा।

पश्चिमी विक्षोभ होगा सक्रिय, तापमान में बदलाव संभव

मौसम विभाग के मुताबिक, इस हफ्ते पश्चिमी विक्षोभ फिर से सक्रिय होने वाला है, जिससे ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम बिगड़ सकता है। हालांकि, मैदानी इलाकों पर इसका खास असर नहीं पड़ेगा। यहां दिन में चटक धूप खिलने से तापमान में दो से चार डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है। राजधानी देहरादून में अधिकतम तापमान 29°C और न्यूनतम 13°C के आसपास रहने का अनुमान है।

नैनीताल और ऊंची चोटियों पर हल्की बारिश की संभावना

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, नैनीताल सहित अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि ऊंची चोटियों पर हिमपात के आसार हैं। रविवार को नैनीताल में घने बादल छाए रहे, जिससे दिनभर हल्की ठंड महसूस की गई।

जलवायु परिवर्तन का असर, लंबे समय तक बनी रह रही ठंड

वैज्ञानिकों का कहना है कि जलवायु परिवर्तन का असर अब साफ दिखने लगा है। जहां पहले फरवरी के अंत तक ठंड खत्म हो जाती थी, वहीं अब इसका असर मार्च के मध्य तक बना रहता है। पश्चिमी विक्षोभ भी अब पहले की तुलना में ज्यादा दिनों तक सक्रिय रहने लगे हैं, जिससे मौसम में बड़ा बदलाव देखा जा रहा है।

माणा में एवलांच से बड़ा हादसा

पिछले महीने चमोली जिले के माणा में आए एवलांच ने बड़ी तबाही मचाई थी। इस घटना में 54 मजदूर बर्फ में दब गए थे, जिनमें से 8 की मौत हो गई, जबकि 46 मजदूरों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया।

यात्रा से पहले लें मौसम अपडेट

मौसम विभाग ने ऊंचाई वाले इलाकों में सफर करने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासतौर पर पर्वतीय क्षेत्रों में जाने से पहले मौसम की जानकारी जरूर लें, ताकि किसी तरह की परेशानी से बचा जा सके।