चमोली में 27-28 फरवरी को भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना, प्रशासन अलर्ट
चमोली, 25 फरवरी: उत्तराखंड के चमोली जिले में 27 और 28 फरवरी को भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून के पूर्वानुमान के आधार पर प्रशासन ने सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं। जिलाधिकारी ने आईआरएस (इंसिडेंट रिस्पांस सिस्टम) से जुड़े अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं और स्थानीय जनता से सावधानी बरतने की अपील की है।
आपदा प्रबंधन को लेकर प्रशासन सतर्क—
भारी बर्फबारी की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा है। ऊंचाई वाले इलाकों में सड़क मार्ग अवरुद्ध होने की संभावना के चलते संबंधित विभागों को मार्गों को जल्द सुचारू करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा, जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में स्थित परीक्षा केंद्रों की सूची प्रशासन को उपलब्ध कराएं। आपदा प्रबंधन अधिकारी को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
आपातकालीन संपर्क नंबर जारी—
किसी भी आपदा या आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त करने के लिए प्रशासन ने निम्नलिखित आपातकालीन संपर्क नंबर जारी किए हैं:
📞 01372-251437
📞 1077 (टोल फ्री)
📞 9068187120, 7055753124
स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों से सतर्क रहने की अपील—
प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। आवश्यक होने पर ही यात्रा करने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने की हिदायत दी गई है।