Delhi Shahdara Fire: चार्जिंग स्टेशन में लगी आग से 2 की मौत, 4 घायल

राजधानी दिल्ली के शाहदरा इलाके में रविवार सुबह एक ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन पर लगी आग ने तबाही मचा दी। इस हादसे में दो लोगों की जलकर मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के वक्त सभी पीड़ित मौके पर सो रहे थे और गन्ने का जूस बेचने वाले ई-रिक्शा चालक थे।

कब और कैसे लगी आग?

दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के मुताबिक, यह हादसा रविवार सुबह 6:40 बजे के आसपास हुआ, जब राम नगर, मोती राम रोड पर स्थित राम मंदिर के पास टिन शेड में बने ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन में अचानक आग लग गई।
दमकल की 5 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया, जिन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

300 वर्ग गज में चल रहा था चार्जिंग और पार्किंग का अवैध सेटअप

DCP शाहदरा ने बताया कि यह चार्जिंग स्टेशन एक 300 वर्ग गज के टिन शेड वाले गोदाम में चल रहा था, जहां ई-रिक्शा चार्जिंग और गन्ने की रस की मशीनों की पार्किंग होती थी। यह गोदाम अवैध रूप से किराए पर चल रहा था और इसका इंचार्ज विनोद राठौर को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

मृतकों की पहचान

  1. बृजेश (19) निवासी टीकमगढ़, मध्य प्रदेश

  2. मनीराम (18) निवासी टीकमगढ़, मध्य प्रदेश

ये दोनों युवक वहीं ई-रिक्शा पर गन्ने का रस बेचते थे और हादसे के वक्त गोदाम में ही सो रहे थे।

घायलों की स्थिति और नाम

चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं और GTB अस्पताल में भर्ती हैं:

  1. हरिशंकर (19), टीकमगढ़, एमपी – 45% जला

  2. रिंकू (18), महाराजगंज, रायबरेली, यूपी – 30% जला

  3. मुकेश (22), महाराजगंज, रायबरेली, यूपी – 7% जला

  4. विपिन (19), महाराजगंज, रायबरेली, यूपी – 7% जला

जांच जारी, कई सवाल खड़े

इस हादसे ने दिल्ली में चल रहे अवैध चार्जिंग स्टेशनों और निगरानी के अभाव को उजागर कर दिया है। सवाल यह है कि क्या इतनी बड़ी जगह पर बिना फायर सेफ्टी और बिजली के मानकों के इस तरह का सेटअप कैसे चल रहा था?